धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम : भारत भूषण चुघ
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जनपद की रुद्रपुर विधानसभा के अंतर्गत ग्राम किरतपुर में आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री भारत भूषण चुघ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर दुर्गा पूजा का शुभारंभ किया तथा मां दुर्गा से समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को हिंदू संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं का ज्ञान मिलता है। उन्होंने सभी लोगों से धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता श्री भारत भूषण चुघ जी ने भगवान श्रीराम के मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर भारत की आस्था और गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से राम मंदिर का निर्माण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का ऐतिहासिक प्रतीक बना है। उन्होंने कहा कि यह समस्त देशवासियों के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान भारत भूषण चुघ ने दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों की सराहना करते हुए आयोजन के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूजा आयोजन में किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर वह सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में किरण देवी, रानी, बिरजू, रूपेंद्र, धर्मराज, राजू कोहली, विक्की सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।






