न्यूज प्रिन्ट देहरादून। उत्तराखंड में महिला पुलिसकर्मियों के लिए सेवा और पदोन्नति के अवसर बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे 1474 अतिरिक्त पदों के समायोजन का रास्ता साफ हो गया है।
सरकार के इस फैसले का उद्देश्य महिला आरक्षियों को बेहतर सेवा अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी पदोन्नति की संभावनाओं को मजबूत करना है। प्रस्ताव के तहत अतिरिक्त पदों को अन्य संवर्गों और पुलिस शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किया जाएगा।
इस बदलाव से कुल स्वीकृत पदों की संख्या में वृद्धि नहीं होगी और न ही सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। कार्मिक विभाग ने भी कुछ शर्तों के साथ प्रस्ताव पर सहमति दी है।
इन शर्तों में वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों का समायोजन और उनके भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव तैयार करना शामिल है। सरकार के इस कदम से प्रदेश पुलिस में महिला कर्मियों के लिए करियर की संभावनाएं बेहतर होने की उम्मीद है।





