न्यूज प्रिन्ट देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति के बीच विवाद का मामला सामने आने के बाद फिल्म अभिनेता हेमंत पांडे ने मंत्री का समर्थन किया है। उन्होंने मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से कार्रवाई करने की अपील की है।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना और जान से मारने की साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। मंत्री की शिकायत पर देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर घरेलू हिंसा और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की। वीडियो में वह भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि पति से जुड़े एक ऑडियो के सामने आने के बाद उन्हें अपने वैवाहिक जीवन को लेकर गंभीर कदम उठाना पड़ा और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी।
रेखा आर्या ने कहा कि किसी भी महिला को घरेलू अत्याचार सहन नहीं करना चाहिए, चाहे वह आम महिला हो या किसी महत्वपूर्ण पद पर आसीन हो। उन्होंने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए न्याय मिलने का भरोसा जताया।
वहीं, अभिनेता हेमंत पांडे ने मंत्री के समर्थन में आवाज उठाते हुए कहा कि किसी भी बेटी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस मामले में प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री से उचित कार्रवाई का अनुरोध करने की बात कही।





