हेलिकॉप्टर से जिला अस्पताल लाए गए शव, एसडीआरएफ और निम की टीमें दुर्गम पहाड़ियों में चला रहीं सर्च ऑपरेशन
न्यूज प्रिन्ट, उत्तरकाशी। केदारताल ट्रैक पर लापता ट्रैकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। बुधवार को अभियान के दौरान बरामद चार शव हेलिकॉप्टर के जरिए मातली हेलीपैड पहुंचाए गए। इसके बाद शवों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहीं, चार लापता लोगों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की टीमें जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को सात ट्रैकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ समेत 13 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण रास्ता अवरुद्ध होने से दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका। इसके बाद से प्रशासन के समन्वय में एसडीआरएफ, निम, वन विभाग और ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
मंगलवार को मौसम खुलने के बाद करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर चलाए गए सर्च अभियान में एक महिला और एक पुरुष का शव बरामद हुआ था। बुधवार को भी अभियान के दौरान शव मिलने के बाद उन्हें हेलिकॉप्टर से मातली लाया गया।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में टीमें अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही हैं। प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अभियान में चुनौतियां बनी हुई हैं।
एसडीआरएफ सेनानायक ने बताया कि रेस्क्यू टीम की मदद के लिए रसद और लाइफ सपोर्ट सामग्री के साथ एक अतिरिक्त टीम केदारखड़क भेजी जाएगी। निम और एसडीआरएफ की टीमें शेष लापता लोगों की तलाश में संयुक्त रूप से जुटी हैं।





