न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में हुए चाकूबाजी और लीलाधर हत्याकांड के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को किच्छा रोड स्थित बागवाड़ा मंडी के सामने से गिरफ्तार किया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की रात रेशमबाड़ी मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर अनुज और विनोद कश्यप के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद विनोद अपने साथियों के साथ राम अवतार के घर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज हुई। बीच-बचाव करने पहुंचे लीलाधर, राहुल और अन्य लोगों पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया।
छह लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा
मामले में जोहरी लाल की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने 27 नवंबर को कार्रवाई करते हुए सुभाष (18) निवासी रेशमबाड़ी और विनोद कश्यप (19) निवासी दूधियानगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आमजन से विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लेने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।





