40.1 C
Rudrapur
Monday, May 25, 2026

मुख्यमंत्री धामी ने जिलाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, अतिक्रमण हटाने पर जोर

अवश्य पढ़ें

न्यूज प्रिन्ट,खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने निजी आवास खटीमा से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश में चल रहे प्रशासनिक कार्यों और आगामी चुनौतियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान को तेज करने के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं की भूमि सहित सभी सरकारी संपत्तियों का गहन सत्यापन किया जाए और भू कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। उन्होंने शत्रु संपत्तियों पर अवैध कब्जों को हटाने और वक्फ संपत्तियों का ब्योरा UMMEED Portal पर दर्ज करने की नियमित जांच के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच, जनसेवा केंद्रों की निगरानी और फर्जी राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वालों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाते हुए वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने आगामी मानसून को देखते हुए सभी जिलों को पूर्व तैयारी समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंतरिक क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और बिजली आपूर्ति को सुचारू रखा जाए। अनावश्यक बिजली कटौती न हो और आवश्यकता पड़ने पर पूर्व सूचना देकर ही कटौती की जाए। चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर पेयजल, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं से फीडबैक लेकर व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को तय समय में पूर्ण करने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं जैसे पॉलीहाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू कर किसानों की आय बढ़ाने पर बल दिया गया। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर