40.1 C
Rudrapur
Monday, May 25, 2026

21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन सेबर स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

अवश्य पढ़ें

न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। मनोज सरकार स्टेडियम, रुद्रपुर में आयोजित 21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन सेबर स्पर्धाओं में देशभर से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। प्रतियोगिता के दौरान बालक एवं बालिका वर्ग की सिंगल्स तथा टीम स्पर्धाओं के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। प्रतियोगिता के दूसरे दिन आयोजित पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री पंकज शुक्ला (मुख्य कोषाधिकारी, ऊधम सिंह नगर) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री राजीव मेहता (सेक्रेटरी जनरल, फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया) एवं श्री हरमन सिंह ग्रोवर (वाइस चेयरमैन, दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर) की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कैडेट वुमेन्स सेबर व्यक्तिगत स्पर्धा में पंजाब की गजल वर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि मणिपुर की फ्लोरिना देवी अहेइबाम ने रजत पदक अपने नाम किया। पंजाब की इशिता इशिता एवं चंडीगढ़ की अद्विका दत्ता ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं कैडेट मेन्स सेबर व्यक्तिगत स्पर्धा में तमिलनाडु के स्टेफिंडो एस. डी. जोशिक ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। जम्मू-कश्मीर के वंश रैना ने रजत पदक प्राप्त किया, जबकि मणिपुर के मेइतेई कंगाबाम जेरियुल एवं थोंगबाम किशोरजीत सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किए। टीम स्पर्धाओं में कैडेट टीम वुमेन्स सेबर वर्ग में पंजाब की टीम ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि गुजरात की टीम ने रजत पदक हासिल किया। कर्नाटक एवं दिल्ली की टीमों ने कांस्य पदक प्राप्त किए। वहीं कैडेट टीम मेन्स सेबर वर्ग में पंजाब की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया तथा तमिलनाडु की टीम उपविजेता रही।

मणिपुर एवं तमिलनाडु की टीमों ने तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री पंकज शुक्ला ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। खबर व विज्ञापन के लिए संम्पर्क करें। 9837611839

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर