न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदेश में जनाक्रोश लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में रुद्रपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने एक भावनात्मक और प्रतीकात्मक विरोध का ऐलान किया है।
संजय जुनेजा ने कहा कि वह बुधवार, 31 दिसंबर को शाम 4 बजे रुद्रपुर के संजय नगर खेड़ा स्थित दुर्गा मंदिर में कार्यकर्ताओं के साथ सिर मुंडन कर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे। यह विरोध अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों, विशेष रूप से कथित VIP आरोपियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग को लेकर किया जाएगा।
अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है। एक साधारण परिवार की बेटी के साथ हुए इस जघन्य अपराध ने समाज की संवेदनाओं और न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेशभर में लोग न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं।
कांग्रेस नेता संजय जुनेजा का यह कदम सत्ता के संरक्षण में पनप रहे अपराधों के खिलाफ एक मौन लेकिन प्रभावशाली प्रतिरोध के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन न केवल अंकिता को श्रद्धांजलि है, बल्कि उसके परिवार के साथ एकजुटता का संदेश भी है।
संजय जुनेजा का बयान (हाईलाइट):
“अंकिता केवल एक नाम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी का स्वाभिमान है। जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। मेरा सिर मुंडन सत्ता के दंभ और अन्याय के खिलाफ एक शांत लेकिन मजबूत संदेश है।”
कांग्रेस पार्टी ने भी इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता अन्याय को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस नेता संजय जुनेजा करेंगे सिर मुंडन


