“छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं सहेंगे, सड़कों से सदन तक लड़ेगी कांग्रेस”
न्यूज प्रिन्ट शक्तिफार्म। नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में शक्तिफार्म में यूथ कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन करते हुए मशाल मार्च निकाला। सुभाष चौक पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम आचार्य और विधानसभा अध्यक्ष सुमिंदर यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में जलती मशालें लेकर सड़कों पर उतरे। “इंकलाब जिंदाबाद”, “छात्र विरोधी व्यवस्था बंद करो” और “नीट घोटाले की निष्पक्ष जांच करो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। मशालों की तेज लौ के बीच युवाओं का आक्रोश साफ दिखाई दिया प्रदर्शन कारियों ने आरोप लगाया कि देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में हुए पेपर लीक ने लाखों मेहनती छात्रों के सपनों को तोड़ने का काम किया है। युवाओं ने कहा कि जब देश के भविष्य के साथ अन्याय होगा तो युवा चुप नहीं बैठेंगे। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम आचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। आज मेहनत करने वाला छात्र खुद को ठगा महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक केवल एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भरोसे पर हमला है। दोषियों को बचाने की कोशिश हुई तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।विधानसभा अध्यक्ष सुमिंदर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चे दिन-रात मेहनत कर डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन पेपर लीक माफिया उनकी मेहनत और सपनों को कुचल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं की आवाज बनकर हर मंच पर इस लड़ाई को मजबूती से उठाएगी।प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा और युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विनय विश्वास, अमित सरकार, मनोज सुतार, अर्जुन विश्वास, सागर मंडल, समीर मल्लिक, अमित कुमार, शिव कुमार, प्रदीप साहनी, अरुण पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


