न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप स्थित श्री श्री राधा गोविंद मंदिर में आयोजित सार्वजनिक श्री श्री अखंड महानाम संकीर्तन का रविवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना और तुलसी परिक्रमा के साथ भव्य समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम से पूर्व शनिवार शाम पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने मंदिर पहुंचकर संन्यासियों का आशीर्वाद लिया और संकीर्तन का श्रवण किया। मंदिर पहुंचने पर आयोजन समिति द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल मन को शांति प्रदान करते हैं, बल्कि क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करते हैं। उन्होंने कहा कि महानाम संकीर्तन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करता है और समाज में भाईचारे व एकता को बढ़ावा देता है।
संकीर्तन के दौरान श्री राधा कृष्ण सम्प्रदाय, मानव मुक्ति सम्प्रदाय, श्री कृष्ण सम्प्रदाय, राधे सम्प्रदाय, जय जगन्नाथ सम्प्रदाय और श्री गुरू भजन सम्प्रदाय सहित विभिन्न मंडलियों ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। “हरे रामा हरे कृष्णा” महामंत्र की गूंज से पूरा ट्रांजिट कैंप क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
रविवार को विशेष पूजा, तुलसी परिक्रमा और महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में विधायक तिलकराज बेहड़, तरुण दत्ता, अजय नारायण सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रुद्रपुर। खबर व विज्ञापन के लिए संम्पर्क करें 98376 11839 ।


