एक भी पद खाली नहीं रहा, भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर मेरिट लिस्ट उपलब्ध
न्यूज प्रिन्ट,लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। भर्ती के तहत कुल 32,679 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जारी जानकारी के अनुसार, कोई भी पद खाली नहीं रहा।
आधिकारिक वेबसाइट पर देखें चयन सूची
भर्ती बोर्ड ने 14 अक्तूबर 2026 को अंतिम परिणाम जारी किया। चयनित अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और मेरिट सूची देख सकते हैं।
कई श्रेणियों के पदों पर हुआ चयन
इस भर्ती में नागरिक पुलिस, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डर समेत विभिन्न पद शामिल हैं। भर्ती के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
इन चरणों के आधार पर हुआ अंतिम चयन
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, अभिलेखों की जांच, शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षा शामिल थीं। अंतिम चयन लिखित परीक्षा के सामान्यीकृत अंकों, मेरिट और आवेदन पत्र में अभ्यर्थियों की ओर से भरी गई पदों की वरीयता के आधार पर किया गया।
ऐसे देखें रिजल्ट: अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर संबंधित भर्ती के अंतिम चयन परिणाम की सूची देख सकते हैं।





