स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास से जुड़े प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर, आगामी विधानसभा सत्र को लेकर भी हो सकता है फैसला
न्यूज प्रिन्ट, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक से पहले मुख्यमंत्री धामी ने कैबिनेट मंत्रियों के साथ हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने आगामी कुंभ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन की कामना करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

हरिद्वार स्थित केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन में आयोजित होने वाली कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य, आवास, शहरी विकास सहित विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि सरकार प्रदेश के विकास से जुड़े कई अहम निर्णयों को मंजूरी दे सकती है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी जिलों में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत चंपावत जिले से की गई थी, जबकि अब हरिद्वार में दूसरी बैठक आयोजित की जा रही है।
बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की तारीख और स्थान को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है। सरकार को 30 अक्टूबर से पहले विधानसभा सत्र आहूत करना है। ऐसे में हरिद्वार में होने वाली इस कैबिनेट बैठक पर प्रदेशभर की निगाहें टिकी हुई हैं।





