न्यूज प्रिन्ट किच्छा। सरकारी धान खरीद केंद्र पर खरीद शुरू नहीं होने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को किच्छा मंडी में फिर धरना शुरू कर दिया। किसान देर शाम तक मंडी में बैठे रहे। इसके बाद शनिवार सुबह दोबारा धरने पर बैठने का ऐलान कर अपने घरों को लौट गए।
बृहस्पतिवार को धान की तौल को लेकर हुए हंगामे के बाद भी खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। संभागीय विपणन अधिकारी लता मिश्रा के हस्तक्षेप के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ गई।
किसान नेता संतोख सिंह ने बताया कि किसानों का प्रतिनिधिमंडल रुद्रपुर में एडीएम पंकज उपाध्याय से मिला था। देर रात तक चली कई दौर की वार्ता के बाद किसानों को आश्वासन दिया गया था कि शुक्रवार सुबह चावल मिल मालिक धान खरीद शुरू कर देंगे। इसके बावजूद किसानों को राहत नहीं मिली।
किसानों के अनुसार, मिल मालिक केवल साफ-सुथरा धान खरीदने की बात कह रहे हैं। इसके चलते किसानों को अपनी उपज वापस ले जानी पड़ी। खरीद शुरू नहीं होने से परेशान किसानों ने मंडी में धरना देकर नाराजगी जताई और जल्द खरीद शुरू कराने की मांग उठाई। किसानों ने स्पष्ट किया कि समस्या का समाधान नहीं होने पर शनिवार सुबह फिर धरना दिया जाएगा।





