न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। गुरू नानक देव की 555वीं जयंती पर गुरुवार को शहर में कार्यक्रम हुए। मुख्य गुरुद्वारे में विशेष दीवान सजाने के अलावा गुरुद्वारों में शबद-कीर्तन के अलावा शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गतका पार्टियों के कलाकारों ने हैरत अंगेज कारनामे दिखाए। सिख धर्मावलंबियों ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर अरदास की। गुरु पर्व पर अटूट लंगर छकाया गया।
सिख समाज एवं गुरूनानक नाम लेवा गुरु संगत के सहयोग से श्री गुरुद्वारा गुरुनानक सभा गंज से गुरुवार सुबह 11 बजे शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान पंज प्यारे आगे-आगे चले। पीछे वाहन में गुरुग्रंथ साहिब और गुरुनानक की प्रतिमा लेकर श्रद्धालु साथ चले। शोभायात्रा के दौरान सिख समाज की महिलाएं-पुरुष और युवाओं ने पानी छिडकऱ सडक़ों को साफ भी किया।

शोभायात्रा मेन बाजार होते हुये गांधी पार्क से आवास विकास तक पहुंची। यहां विशेष दीवान साहिब सजाया गया। गुरुद्वारा सिंह सभा के सदस्यों ने सिंह प्रवचन में कहा कि गुरूनानक देव की शिक्षाओं को जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने छूआछूत, जाति-पंथ के बजाय इंसानियत, सौहार्द और सहयोग को सर्वोपरी बताया। इस दौरान शबद कीर्तन अन्य कार्यक्रम हुए।

गतका पार्टी ने दिखाए करतब
रुद्रपुर। धार्मिक शोभायात्रा के दौरान गतका पार्टी ने हैरत अंगेज करतब दिखाए। चक्कर घुमाने, तलवार-बाजी, ढोल पर नाचने और लाठी संचालन का प्रदर्शन किया गया। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों सिख और अन्य धर्मावलंबियों ने पुष्प वर्षा से स्वागत किया। गुरु के अटूट लंगर में कई धर्मावलंबी उमड़े।