मन की बात’ कार्यक्रम में उमड़ा उत्साह, फरज़ाना बेगम ने की मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना
बबलू पाल न्यूज प्रिंट जसपुर। ग्राम बैलजूड़ी में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री श्रीमती फरज़ाना बेगम के नेतृत्व में हुआ, जिसमें ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत, युवाओं की प्रतिभा, नवाचार, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विचारों को ध्यानपूर्वक सुना गया। साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि को भी उपस्थित लोगों ने भावपूर्ण ढंग से सुना।इस अवसर पर फरज़ाना बेगम ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों से संवाद का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है, जो समाज के प्रेरणादायी कार्यों और विकास से जुड़े विषयों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सभी नागरिकों को भाईचारा, स्वच्छता, शिक्षा और जनसेवा की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।कार्यक्रम के दौरान फरज़ाना बेगम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता (UCC) की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है, जिसने समान नागरिक संहिता लागू कर समानता, पारदर्शिता और सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा सरकार के जनहितकारी निर्णय उत्तराखंड को एक सशक्त और समृद्ध राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेशों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


