इनकम टैक्स की कार्रवाई से मचा हड़कंप, विधायक पहुंचे मौके पर
न्यूज प्रिन् रुद्रपुर शहर के प्रसिद्ध उद्योगपति और जाने-माने चिकित्सक के यहां आज प्रातः आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीम ने उद्योगपति और चिकित्सक को हिरासत में ले लिया और आवश्यक दस्तावेज खंगालने शुरू कर दिए। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय सुरक्षा बल और उत्तर प्रदेश पुलिस मौके तैनात हैं।छापेमारी की कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोड़ा मौके पर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक शहर के प्रसिद्ध उद्योगपति रोहतास बत्रा और चिकित्सक दीपक छाबड़ा संयुक्त रूप से किच्छा रोड स्थित मेडिसिटी अस्पताल को संचालित करते हैं। पिछले दिनों दिल्ली की पार्क कंपनी ने मेडिसिटी अस्पताल को टेकओवर किया था जो चर्चाओं का विषय बना रहा था। आज प्रातः लगभग 7:00 बजे दिल्ली और गुड़गांव से इनकम टैक्स की टीम बत्रा कॉलोनी स्थित दोनों के आवास पर पहुंची। टीम में लगभग 35 सदस्य शामिल थे साथ ही केंद्रीय सुरक्षा बल और उत्तर प्रदेश की पुलिस भी मौजूद थी। टीम ने रुद्रपुर पहुंचकर जिम से चिकित्सक छाबड़ा को और मॉर्निंग वॉक कर रहे बत्रा को हिरासत में ले लिया। उसके पश्चात आयकर विभाग की टीम ने दोनों के घरों की सघन तलाशी लेनी शुरू कर दी। टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर ली और किसी को भी अंदर और बाहर नहीं आने जाने दिया। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोड़ा मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि उद्योगपति बत्रा और चिकित्सक छाबड़ा शहर के प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि संभवत मेडिसिटी अस्पताल के पार्क ग्रुप से जुड़ने के पश्चात आयकर विभाग ने यह कार्रवाई की है लेकिन अभी उन्हें पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। आयकर विभाग की टीम दोनों के महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाल रही है। समाचार लेकर जाने तक कार्रवाई जारी है।




