रुद्रपुर में SIR पर सियासी संग्राम, कार्रवाई न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी
बबलू पाल न्यूज प्रिंट रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में एसआईआर (SIR) को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बाजपुर और किच्छा के बाद गुरुवार को रुद्रपुर में कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।धरने के दौरान ठुकराल ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान भाजपा से जुड़े कुछ लोगों द्वारा बड़ी संख्या में फर्जी आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि उनकी माता के नाम पर भी आपत्ति दर्ज की गई है, जबकि वह स्वयं दो बार रुद्रपुर विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।पूर्व विधायक ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए तथा दर्ज आपत्तियों का शीघ्र निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर आमरण अनशन शुरू करेंगे।

धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी उनके समर्थन में मौजूद रहे। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


