न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी और आपराधिक घटनाओं को लेकर व्यापार मंडल ने गहरी नाराजगी जताई है। मटके वाली गली स्थित चार शोरूमों में हुई चोरी की घटना के बाद व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में चोरी, झगड़े, मारपीट और फायरिंग जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों में डर का माहौल बना हुआ है। उनका आरोप है कि कई मामलों में पुलिस न तो मुकदमा दर्ज करती है और न ही घटनाओं का खुलासा हो पाता है, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं।

संजय जुनेजा ने कहा कि बाजार क्षेत्र और आदर्श कॉलोनी चौकी इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बेहद कम दिखाई देती है। चौकियों में पुलिस कर्मियों की संख्या भी पर्याप्त नहीं होने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि व्यापार मंडल कई बार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से पुलिस बल बढ़ाने की मांग कर चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि दिन के समय भी सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी कम नजर आती है, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ और कानून व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।


