मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध: हिमांशु शुक्ला
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूज्य पिताजी के संबंध में कथित रूप से अपशब्द बोले जाने के विरोध में आज रुद्रपुर के डीडी चौक पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला दहन किया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला ने मीडिया के सामने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजनीतिक दलों से सार्वजनिक संवाद में मर्यादा बनाए रखने की अपील की।हिमांशु शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध करना प्रत्येक दल का अधिकार है, लेकिन विरोध की राजनीति में व्यक्तिगत टिप्पणी और भ्रामक प्रचार से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने तथा सामाजिक वातावरण को प्रभावित करने वाले बयानों से लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा प्रभावित होती है।उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां जनता के जनादेश से चुनी हुई सरकार कार्य करती है। विपक्ष की भूमिका सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना और जनहित के मुद्दों को उठाना है, लेकिन राजनीतिक मतभेदों को व्यक्त करते समय भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखना भी जरूरी है।





