35.1 C
Rudrapur
Saturday, May 30, 2026

बागवाला में बने 1872 पीएम आवास जल्द होंगे आवंटित, लाभार्थियों को शीघ्र मिलेंगी चाबियां

अवश्य पढ़ें


न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बागवाला में 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवासों का लाभ जल्द ही पात्र लाभार्थियों को मिलने वाला है। आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शुक्रवार को रुद्रपुर पहुंचकर निर्माणाधीन और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सचिव ने बागवाला स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना का जायजा लिया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों से निर्धारित अंशदान शीघ्र जमा कराया जाए ताकि आवासों का आवंटन समय पर किया जा सके। उन्होंने कहा कि आवासों का लोकार्पण जल्द कर पात्र परिवारों को चाबियां सौंपी जाएंगी। जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक आवास के लिए तीन लाख रुपये की सहायता सरकार की ओर से दी जा रही है, जबकि तीन लाख रुपये लाभार्थी को जमा करने हैं। अब तक 185 लाभार्थी अपनी पूरी धनराशि जमा कर चुके हैं, जबकि अन्य पात्र लाभार्थियों को पत्र और दूरभाष के माध्यम से धनराशि जमा कराने के लिए सूचित किया गया है।

सचिव ने आवास परिसर में चल रहे साफ-सफाई और पौधारोपण कार्यों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया जा चुका है और उसकी परीक्षण प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। निरीक्षण के दौरान सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आगामी परियोजनाओं के लिए अभी से तैयारी शुरू की जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके बाद सचिव ने त्रिशूल चौक के पास प्रस्तावित कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर बहुमंजिला परियोजना के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना में आवासीय और व्यावसायिक भवनों का निर्माण प्रस्तावित है तथा इसकी प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है।

रामपुर रोड पर प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का निरीक्षण करते हुए सचिव ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार 48 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित इस परियोजना की प्रारंभिक लागत 72 करोड़ रुपये आंकी गई है। सचिव ने त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य और कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन विकास प्राधिकरण कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, सीडीओ दिवेश शाशनी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण पंकज उपाध्याय, एमएनए शिप्रा जोशी, अधिशासी अभियंता लोनिवि गजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर