19.4 C
Rudrapur
Thursday, March 5, 2026

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और तराई के संस्थापक शुक्ल की 47 वीं पुण्यतिथि पर स्मृति समारोह आयोजित

अवश्य पढ़ें

राष्ट्र के सच्चे सपूत थे स्व. राम सुमेर शुक्ल- धामी

न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर । तराई के संस्थापक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय राम सुमेर शुक्ला की 47 वीं पुण्यतिथि पर मेडिकल कॉलेज में स्मृति समारोह आयोजित किया गया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीडी चौक स्थित स्वर्गीय राम सुमेर शुक्ला की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। स्मृति समारोह को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि आज पूरा तराई क्षेत्र स्वर्गीय राम सुमेर शुक्ल का आभारी हैं जिन्होंने इस जगह को रचाया और बसाया है ।उस समय की कठिन परिस्थितियों के बावजूद एक संकल्प के तहत उन्होंने तराई के इस बियाबान जंगलों को आबाद किया जो बताता है कि स्वर्गीय राम सुमेर शुक्ल राष्ट्र के सच्चे सपूत थे और सेवा भाव उनके जीवन का कर्तव्य था।

जिसके तहत उन्होंने समर्पण की भावना दिखाते हुए इस क्षेत्र में कार्य किया। सीएम धामी ने कहा कार्यक्रम के संयोजक दिनेश शुक्ला और पूर्व विधायक तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष राजेश शुक्ला पर उनके दिवंगत पिता को गर्व और अभिमान होगा और उनकी आत्मा प्रसन्न हो रही होगी। वह जहां कहीं भी होंगे। आज अपने पुत्रों को आशीर्वाद दे रहे होंगे क्योंकि पिता के कार्यों को आगे ले जाना और उसे आगे बढ़ाना ही एक सच्चे सपूत का कर्तव्य होता है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 1932 में लाहौर अधिवेशन के दौरान मात्र 21 वर्ष की आयु में राम सुमेर शुक्ल ने जिन्ना के दिए राष्ट्रीय सिद्धांत का विरोध किया था ।

जिसका देश के युवाओं ने समर्थन किया था। उन्होंने महात्मा गांधी के आदर्शों को आत्मासात करते हुए कानून की पढ़ाई छोड़कर स्वतंत्रता संग्राम के आंदोलन में अपना योगदान दिया और भारत जोड़ो आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई तथा युवाओं को बड़ी संख्या में इस आंदोलन से जोड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार का सेनानियों को सम्मान देना प्राथमिकता है। सीएम धामी ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के विकास को लेकर कई योजनाएं दी जिससे उत्तराखंड में विकास के कीर्तिमान स्थापित हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से राज्य सरकार ने जो फैसले लिए हैं वह देश के लिए उदाहरण बन चुके हैं। सीएम धामी ने कहा कि जनपद उधम सिंह नगर के विकास के लिए कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और करीब परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बेहतर हो रही हैं। मुख्यमंत्री धामी ने मंच से ही जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष तक मेडिकल कॉलेज का कार्य पूरा हो जाना चाहिए जो धनराशि लंबित है उसे तत्काल दिया जाएगा ।इसमें किसी भी दशा में विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर बाईपास निर्माण, सड़क विस्तारीकरण, हल्द्वानी मार्ग निर्माण, रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण, ओवर ब्रिज, मास्टर ड्रेनेज प्लान को मंजूरी मिल चुकी है और इन सभी परियोजनाओं पर तेज गति से काम चल रहा है। स्मृति समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि मोदी है तो मुमकिन है धामी है तो हामी हैं क्योंकि जिस प्रकार से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किच्छा विधानसभा का विकास किया जा रहा है उसे आने वाली पीढ़ी याद रखेगी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राम सुमेर शुक्ल ने देश की स्वतंत्रता के लिए घोर यातनाएं सही और जेल में बंद रहे।

पंडित गोविंद बल्लभ पंत के नेतृत्व में तराई को आबाद किया गया और यहां विकास की आधारशिला रखी गई जो सपना उसे समय देखा गया था वह आज पूरा हो रहा है कि यह बड़ी संख्या में यहां लोग निवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा की कि राज्य सरकार ने यूसीसी, नकल विरोधी कानून पास कर देश में मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा गन्ना किसानों को सरकार ने तोहफा दिया है और उन्होंने कहा की पहाड़ीऔर मैदानी क्षेत्र में भेदभाव रखने वाले और राज्य के खिलाफ बोलने वालों पर राजद्रोह कानून लागू किया जाए। शुक्ला ने कहा की सेनानी गांव में सेनानी सदन बनाया जाए और सेनानी पीढी को बराबर की पेंशन दी जाए।

इससे पूर्व कृषि, चिकित्सा, खेती, रक्तदान, शिक्षा, समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने पर रश्मि जेवियर, बाबा संत सिंह, एम के तिवारी, हरविंदर सिंह चुघ, सुचित्रा जायसवाल, पूनम ,एडवोकेट मंगल प्रसाद तिवारी ,अजीत कर्नाटक, ग्यारसी बंसल, बलबीर सिंह कंबोज को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया ।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संगठनों ने मुख्यमंत्री को शेर, हल, तलवार, सरोपा व विभिन्न प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा ,जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, गुंजन सुखीजा, लाल कुआं के नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला, मिंटू गुंबर ,प्रीत ग्रोवर,रामपाल सिंह, अनिल चौहान,रश्मि रस्तोगी, उत्तम दत्ता ,नेत्रपाल मौर्य, फरजाना बेगम, राजकुमार शाह, प्रमोद मित्तल समेत सैकड़ो लोग मौजूद थे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर