बोले, जाम से मिलेगी राहत, शहर को मिलेगी नई रफ्तार
न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने रुद्रपुर में निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग हो रही सामग्री और निर्धारित समयसीमा को लेकर नेशनल हाईवे के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने कहा कि रिंग रोड परियोजना रुद्रपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इसके पूर्ण होने से शहर को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। साथ ही भारी वाहनों का आवागमन शहर से बाहर होने से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि यह रिंग रोड सिडकुल क्षेत्र के उद्योगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान एसडीएम मनीष मिश्रा ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और भूमि से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। सांसद ने इस परियोजना को सरकार की विकासपरक नीति का उदाहरण बताते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को तेजी से धरातल पर उतार रही है।
निरीक्षण के समय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, विपिन जल्होत्रा, प्रीत ग्रोवर सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें 98376 11839


