न्यूज प्रिन्ट दिनेशपुर। मोतीपुर नंबर एक स्थित श्री कृष्ण मंदिर में आयोजित अखंड महानाम संकीर्तन से एक दिन पूर्व श्रद्धालुओं ने भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली। मंदिर के स्वामी कृष्णानंद ब्रह्मचारी महाराज के सानिध्य में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कलश यात्रा मोतीपुर नंबर एक से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जाफरपुर रोड स्थित श्री हरि मंदिर तक पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और संकीर्तन के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, वहीं पुरुष और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी यात्रा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
आयोजकों के अनुसार अखंड महानाम संकीर्तन 7 मई तक लगातार चलेगा, जिसमें विभिन्न राज्यों की कीर्तन मंडलियां प्रस्तुति देंगी। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भंडारे की भी व्यवस्था की गई है। इस दौरान आदित्य मल्लिक, प्रमोद बोरा सहित कई लोग मौजूद रहे।


