न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के संदेश से प्रेरित होकर भाजपा नेता प्रमोद मित्तल एडवोकेट, दूधिया बाबा आश्रम के मठाधीश स्वामी शिवानंद महाराज और सांसद प्रतिनिधि डॉ. कपिल शर्मा ने ई-रिक्शा में सफर कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान प्रमोद मित्तल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को ईंधन के अनावश्यक उपयोग को कम कर सार्वजनिक परिवहन को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहलें ही बड़े बदलाव की नींव बनती हैं और ई-रिक्शा यात्रा का उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने से तेल की बचत के साथ प्रदूषण भी कम होगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।
स्वामी शिवानंद महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमेशा प्रकृति संरक्षण का संदेश देती आई है और पर्यावरण की रक्षा करना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।
सांसद प्रतिनिधि डॉ. कपिल शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन अपनाने से ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से समय-समय पर निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की।
ई-रिक्शा यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।


