रुद्रपुर जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की जल्द नियुक्ति और राजकीय मेडिकल कॉलेज में 2026-27 से MBBS कक्षाएं इसी वर्ष शुरू कराने को लेकर विधायक शिव अरोरा ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से की मुलाकात

अवश्य पढ़ें

बबलू पाल न्यूज प्रिंट रुद्रपुर । रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने देहरादून में उत्तराखंड के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर रुद्रपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने से जुड़े दो महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को दो अलग-अलग पत्र सौंपते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति/तैनाती तथा रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की आवश्यकताओं को पूरा कर शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS की कक्षाएं इसी वर्ष प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया।जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं होने से मरीज को इलाज के आभाव मे सुशीला तिवारी जाना पड़ रहा है ऐसे मे जिला अस्पताल मे डॉक्टर की नियुक्ति का जल्द से जल्द होना अत्यंत आवश्यक हो गया है।विधायक शिव अरोरा ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपे पत्र में कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय रुद्रपुर केवल रुद्रपुर नगर ही नहीं, बल्कि पूरे ऊधमसिंह नगर जनपद के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य करता है। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में मरीज प्रतिदिन उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचते हैं। ऐसे में जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता होना बेहद आवश्यक है।उन्होंने कहा कि वर्तमान में चिकित्सालय में कई विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थानांतरण, सेवानिवृत्ति एवं अन्य कारणों से पद रिक्त हुए हैं। इसके कारण मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर गंभीर एवं जटिल बीमारियों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में उच्च चिकित्सा संस्थानों की ओर रेफर करना पड़ता है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ, समय और परेशानी का सामना करना पड़ता है।विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, आर्थोपेडिक, पैथोलॉजिस्ट सहित आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति/तैनाती किए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध होने से मरीजों को जिला मुख्यालय पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा और अनावश्यक रेफरल की स्थिति में भी कमी आएगी।शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर तेजी से विकसित हो रहा शहर है और इसके आसपास बड़ी आबादी निवास करती है। जनसंख्या और स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ते दबाव को देखते हुए जिला चिकित्सालय की चिकित्सा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसी उद्देश्य से उन्होंने यह विषय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष गंभीरता से रखा है।राजकीय मेडिकल कॉलेज में 2026-27 से MBBS कक्षाएं इसी वर्ष शुरू कराने की मांग विधायक शिव अरोरा ने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखी, उन्होंने कहा रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS की कक्षाएं प्रारंभ कराने का विषय अत्यंत महत्वपूर्ण है । उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से ऊधमसिंह नगर सहित आसपास के जनपदों के लाखों लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा और क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा का भी विस्तार होगा।उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की टीम द्वारा बीते दिनों निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान कुछ आवश्यक फैकल्टी तथा अन्य मूलभूत संसाधनों से संबंधित कमियां चिन्हित की गई हैं। विधायक ने कहा कि इन कमियों को शीघ्र दूर करना आवश्यक है, ताकि NMC की निर्धारित आवश्यकताओं को पूरा करते हुए मेडिकल कॉलेज को आवश्यक मान्यता/अनुमोदन प्राप्त हो सके और इसी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS की पढ़ाई शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हो।विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया कि NMC निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं। साथ ही आवश्यक फैकल्टी, संसाधन एवं अन्य व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि NMC की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में MBBS की कक्षाएं शुरू होना केवल रुद्रपुर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इससे स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभावान युवाओं को अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। भविष्य में यहां से प्रशिक्षित होने वाले चिकित्सक प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।विधायक शिव अरोरा ने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज के पूर्ण रूप से संचालित होने के बाद जिला चिकित्सालय सहित क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी इसका व्यापक लाभ मिलेगा। विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं, आधुनिक संसाधनों और चिकित्सा शिक्षा का एक मजबूत नेटवर्क तैयार होने से रुद्रपुर को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।स्वास्थ्य मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है ओर उन्होंने कहा मानको को पुरा करने के लिये वह स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुऐ है ओर इसी वर्ष रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को शुरू करने की पूरी कोशिश है, साथ जिला अस्पताल मे भी आयी विशेषज्ञ डॉक्टरो की रिक्ता को पुरा करने के लिए निर्देश दिये गये है जल्द रिक्त पद पर डॉक्टर की तैनाती सुनिश्चित कराई जायेगी।विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा दोनों विषयों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करना तत्काल आवश्यकता है, जबकि मेडिकल कॉलेज में MBBS कक्षाएं शुरू होना रुद्रपुर के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। दोनों विषयों को लेकर सरकार स्तर पर प्रभावी कार्रवाई होने से रुद्रपुर सहित पूरे जनपद के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।विधायक ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो तथा जनता को बेहतर से बेहतर सरकारी सेवाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध हों। इसी क्रम में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष दोनों महत्वपूर्ण विषयों को मजबूती से रखा है।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर