दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, वीडियो फुटेज की जांच शुरू
न्यूज प्रिन्ट संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के कई नेताओं और विधायकों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की शिकायत के आधार पर की गई है।
मामला शनिवार को गुरुद्वारा बंगला साहिब परिसर में हुए घटनाक्रम से जुड़ा है। कमेटी ने आरोप लगाया है कि गुरुद्वारा परिसर में हंगामा और नारेबाजी की गई। इसके बाद घटना से संबंधित भ्रामक वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट प्रसारित किए गए।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पूरे घटनाक्रम के पीछे आम आदमी पार्टी की साजिश होने का आरोप लगाते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपे गए वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। फिलहाल कमेटी की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।





