दिल्ली के नेहरू प्लेस में एक कार के अंदर युवक की लाश मिली है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस के डीसीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जिस कार के अंदर लाश मिली है, वह नेहरू प्लेस में एक भीड़ भाड़ वाले इलाके में खड़ी थी। पुलिस ने उस इलाके को सील कर दिया है। यह स्पष्ट नहीं है कि व्यक्ति की मौत कैसे हुई। पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आत्महत्या और हादसे के पहलू पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। इसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि व्यक्ति की हत्या की गई है, उसने आत्महत्या की है या वह हादसे का शिकार होकर मौत के मुंह में समा गया।
शास्त्री पार्क में युवक की हत्या
31 मई के दिन दिल्ली के शास्त्री पार्क में एक युवक की लाश मिली थी। उसे सिर से लेकर पैर तक चाकुओं से गोदा गया था। मृतक की उम्र 25 साल थी। उसकी पहचान जौहर अब्बास के रूप में हुई। उसका शव सर्विस रोड पर मिला था। पुलिस ने बताया था कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची तो उन्हें युवक का शव मिला। युवक के माथे, कलाई, छाती और अन्य हिस्सों पर चाकू के कई घाव थे। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां अधिकारियों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक अब्बास एक महीने बाद गुरुवार को दिल्ली लौटा था। वह अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने बाहर गया हुआ था। गुरुवार शाम करीब 4-5 लोग अब्बास के घर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए और रात करीब 11.50 बजे पुलिस को उसका शव सर्विस रोड पर पड़े होने की सूचना मिली।