न्यूज पिन्ट रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित रम्पुरा के वार्ड नंबर 24 में शुक्रवार रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 24 वर्षीय सुमन के रूप में हुई है। उसकी शादी महज दो माह पहले राकेश कोली से हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। वहीं, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह सुमन की मौत की खबर मायके पक्ष को मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता मदन लाल ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे ससुराल पक्ष की मांगें पूरी नहीं कर सके।
पिता ने बेटी की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।





