विकासनगर। उत्तराखंड में कांग्रेस की न्याय यात्रा के दौरान शुक्रवार को विकासनगर के मुख्य बाजार में पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी सामने आ गई। पंजाब नेशनल बैंक के समीप आयोजित कार्यक्रम में नेताओं के समर्थन में नारेबाजी को लेकर कार्यकर्ताओं के दो गुट आमने-सामने आ गए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के पहुंचते ही कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा के समर्थकों ने उनके समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके बाद हरक सिंह रावत के समर्थकों की ओर से भी नारेबाजी तेज हो गई। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई, जिससे कार्यक्रम का माहौल गरमा गया।
पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ती तनातनी को देखते हुए चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। उनके प्रयासों से स्थिति सामान्य हुई।
इसके बाद कांग्रेस की न्याय यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए स्वारना नदी पुल तक निकाली गई, जहां यात्रा का समापन हुआ।





