न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। चर्चित डंपर वसूली मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विकास सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई लंबे समय से उठ रहे विरोध और शिकायतों के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार राम सिंह नामक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विकास सागर डंपरों की एंट्री कराने के नाम पर प्रतिमाह 70 हजार रुपये की वसूली करता था। साथ ही वाहनों पर किसी प्रकार की कार्रवाई न होने का भरोसा भी दिया जाता था।

आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस द्वारा ओवरलोडिंग में चल रहे एक डंपर को सीज़ कर दिया गया, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। इस प्रकरण को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल लगातार एसएसपी कार्यालय में विरोध दर्ज करा रहे थे।
करीब 28 दिन तक चली जांच के बाद एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर उधम सिंह नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।


