न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में शनिवार को खड़ी सीज और लावारिस बाइकों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कई दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी, अधिकारी और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट्स मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में करीब 35 से 40 सीज बाइकें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में जले हुए रबर और पेट्रोल की गंध फैल गई। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके को खाली करा दिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


