28.9 C
Rudrapur
Tuesday, April 14, 2026

तारकेश्वर धाम से निकली भव्य शिव बारात, शक्तिफार्म में दिनभर रहा शिवभक्ति का माहौल

अवश्य पढ़ें

न्यूज प्रिन्ट शक्तिफार्म। चैत्र माह की पावन बेला में सुरेंद्रनगर स्थित तारकेश्वर धाम से भव्य शिव बारात धूमधाम के साथ निकाली गई। शिवभक्ति और आस्था से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

बारात के शुभारंभ के साथ ही पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा। शिव बारात तारकेश्वर धाम से प्रारंभ होकर टैगोर नगर, मुख्य बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। इस दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। भगवान शिव, माता पार्वती, नंदी और विभिन्न पौराणिक पात्रों के स्वरूप में कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर भक्तजन झूमते नजर आए। साधु-संतों की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।

रात्रि में शिव-पार्वती विवाह लीला और जात्रा अनुष्ठान का आयोजन

कार्यक्रम के तहत रात्रि में शिव-पार्वती विवाह लीला एवं जात्रा अनुष्ठान का भव्य आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल सरकार, जगदीश डालमिया तथा व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष रविन्द्र अग्रवाल, महामंत्री शुभम गर्ग, कोषाध्यक्ष विक्की मंडल, संगठन मंत्री अभिषेक प्रमाणिक सहित समिति पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा तथा श्रद्धालु देर रात तक धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर शिवभक्ति में लीन रहे।

खबर व विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें 98376 11839

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर