न्यूज प्रिन्ट, किच्छा। राहुल गांधी यूथ बिग्रेड के पूर्व प्रदेश सचिव बंटी पपनेजा ने अवैध खनन के मामले में भाजपा सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के चलते शहर में तमाम दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें लोगों की जान तक जा रही है। किच्छा में लगातार होती घटनाओं के लिये शासन-प्रशासन की लापरवाही जिम्मेदार है। ओवरलोड खनन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर बेधड़क दौड़ते हैं, जिनकी चपेट में आकर आम लोगों को अपनी जान गवांनी पड़ रही है।
पपनेजा ने कहा कि अवैध खनन पर अब भाजपा के सांसद भी सदन में प्रदेश की भाजपा सरकार पर अंगुली उठा रहे हैं। जिससे साफ है कि प्रदेश सरकार की जानकारी में अवैध खनन जोरों पर हो रहा है लेकिन सरकार और प्रशासन के लोग आंखें मूंदे बैठे हैं। कहा कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो आने वाले समय में जनता भाजपा को सबक जरूर सिखाएगी। उन्होंने अवैध वाहनों की चपेट में आने वाले लोगों को मदद दिलाने के साथ ही इन वाहनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी मांग की है।