रुद्रपुर। ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में रविवार को आवास विकास स्थित परशुराम पार्क में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के पंचामृत अभिषेक से हुई, जिसमें महापौर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा और ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इसके बाद हवन-यज्ञ कर विश्व कल्याण की कामना की गई।
इस अवसर पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज के विशिष्ट व्यक्तियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि परशुराम पार्क में भगवान परशुराम के नाम से तीन मंजिला भव्य कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम तल पर मंदिर, द्वितीय तल पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक हॉल और तृतीय तल पर ब्राह्मण महासभा का कार्यालय व अतिथि कक्ष बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसका प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।
महापौर ने कहा कि भगवान परशुराम ने धर्म की रक्षा के लिए अवतार लिया था और उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा ज्ञान और संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि समाज को एकजुट होकर विकास और संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने महापौर की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे समाज को एक स्थायी मंच मिलेगा।
कार्यक्रम में महापौर और विधायक सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके पर ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ, महामंत्री डॉ. संजीव शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल भारद्वाज ने किया।


