न्यूज प्रिन्ट, रुद्रपुर : शहर के युवा प्रतिभावान सीए का आज दिल्ली के अस्पताल में आकस्मिक निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से दिल्ली के अस्पताल में उपचाराधीन थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया। आज शाम स्थानीय श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जानकारी मुताबिक रूद्रा होटल के समीप मैसर्स सतनाम सिंह एंड ब्रदर्स का प्रतिष्ठान है। प्रतिष्ठान स्वामी सतनाम सिंह डंग के पुत्र 26 वर्षीय गुरप्रीत सिंह सीए की शिक्षा ग्रहण कर चुके थे और वह बेहद प्रतिभावान थे। पिछले कुछ माह से अचानक अज्ञात बीमारी ने उन्हें घेर लिया और उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां चिकित्सकों ने लगातार उनकी बीमारी का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहे। पिछले तीन महीनों से एम्स अस्पताल दिल्ली के चिकित्सक लगातार उनका उपचार करते रहे, लेकिन आज प्रात: उनका निधन हो गया। इस युवा के निधन का समाचार मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
तमाम राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने निवास पहुंचकर गहरा शोक जताया। एक प्रतिभावान युवा के निधन पर विधायक शिव अरोरा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिवाकर पांडे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, महामंत्री मनोज अरोरा, कोषाध्यक्ष संदीप राव, संजय ठुकराल, भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, पूर्व पार्षद मोहन खेड़ा, बलविंदर सिंह बल्लू, गुरदीप सिंह गावा, लवली लांबा समेत तमाम लोगों ने गहरा शोक जताया।