तेज गति से आ रही कार ने मारी टुकटुक को टक्कर, दोनों वाहनों के परखच्चे उड़े
न्यूज़ प्रिंट,रुद्रपुर –लगातार हो रही बरसात के बीच आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया कि जब एक तेज गति से आ रही कार ने एक टुकटुक को टक्कर मार दी। जिसमें एक गर्भवती महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य महिलाएं बुरी तरह से घायल हो गई, जिन्हें अस्पताल भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपी कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और चारों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सभी महिलाएं एक ही परिवार की थी। घटना की जानकारी मिलने पर तमाम लोगों का पोस्टमार्टम हाउस में जमावड़ा लग गया। जानकारी के मुताबिक भूरारानी निवासी 25 वर्षीय ज्योति पत्नी रविंद्र सहनी 9 माह की गर्भवती थी। उसे प्रसव पीड़ा होने के बाद जिला अस्पताल लाया गया था जहां संभवत से कुछ और दिन का समय दे दिया था।

जिस पर वह भूरा रानी निवासी टुकटुक चालक मनोज के साथ वापस लौट रही थी। उसके साथ भूरा रानी की ही 42 वर्षीय उर्मिला पत्नी स्वर्गीय लोहा सहनी ,36 वर्षीय विभा पत्नी प्रमोद सहनी, 38 वर्षीय कांति देवी पत्नी दिनेश सहनी और 36 वर्षीय ललिता पत्नी सुबोध सहनी भी साथ थी। सभी महिलाएं टुकटुक के पर बैठकर वापस घर लौट रही थी कि तभी नैनीताल हाईवे आवास विकास रिंग रोड के समीप पीछे से तेज गति से आ रही कार ने टुकटुक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जिसमें 9 माह की गर्भवती ज्योति, उर्मिला, विभा और टुकटुक चालक मनोज की मौत हो गई और गंभीर अवस्था में घायल कांति देवी और ललिता को उपचार के लिए अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी भी हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसा इतना भीषण था की कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और टुकटुक कई हिस्सों में विभाजित हो गया। लगभग प्रातः 4:00 बजे इस सड़क हादसे के बाद वहां हड़कंप मच गया ।सूचना मिलने पर थाना ट्रांजिट कैंप और आवास विकास चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली ।पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया। इस भीषण सड़क हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जहां सैकड़ो की संख्या में लोग एकत्र हो गए। जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया पर फैली तमाम लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।