रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी अंतरराष्ट्रीय ट्रेकर, युवा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम शर्मा को ट्रेकिंग, साहसिक गतिविधियों, युवा नेतृत्व और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘यंग यूथ विजनरीज अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें गाजियाबाद में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासनिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों के साथ विजया स्वप्न फाउंडेशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह का आयोजन विजया स्वप्न फाउंडेशन द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

प्रेम शर्मा ने वर्षों से ट्रेकिंग और साहसिक अभियानों के माध्यम से युवाओं को नई दिशा देने का कार्य किया है। कठिन पर्वतीय क्षेत्रों में सफल अभियानों का नेतृत्व करते हुए उन्होंने साहस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। साथ ही सामाजिक गतिविधियों और युवा जागरूकता कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रेम शर्मा ने इसे अपने परिवार, मार्गदर्शकों और सहयोगियों के सहयोग का परिणाम बताते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी युवाओं के सशक्तिकरण, साहसिक खेलों के प्रचार-प्रसार और समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
प्रेम शर्मा की यह उपलब्धि रुद्रपुर सहित पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। स्थानीय लोगों और युवाओं ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया है।


