36.1 C
Rudrapur
Tuesday, April 28, 2026

Rudrapur: शहर की पहचान और आध्यात्मिक ऊर्जा का नया केंद्र बनेगा शिव कॉरिडोरः विकास शर्मा

अवश्य पढ़ें

  • कॉरिडोर को धरातल पर उतारने की कवायद हुई तेज
  • महापौर ने अधिकारियों संग किया स्थलीय निरीक्षण

न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर । गंगापुर रोड पर ‘मानस खण्ड कॉरिडोर’ के अंतर्गत प्रस्तावित भव्य ‘शिव कॉरिडोर’ को धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा में शामिल इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति देने के लिए महापौर विकास शर्मा ने मंगलवार को संबंधित विभागों की टीम के साथ प्रस्तावित स्थल का व्यापक निरीक्षण और सर्वे किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन विभाग, कुमाऊं मण्डल विकास निगम , परिवहन और नगर निगम के अधिकारियों को प्रोजेक्ट का ड्राफ्ट जल्द तैयार करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बता दें कि महापौर विकास शर्मा के विशेष आग्रह पर मुख्यमंत्री धामी ने गंगापुर रोड स्थित गोल्ज्यू मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए एक भव्य शिव कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया था। सोमवार को जिला योजना की बैठक में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी इस प्रोजेक्ट पर गंभीरता दिखाते हुए तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद मंगलवार को महापौर ने अधिकारियों के साथ नगर निगम में बैठक की और फिर मौके पर जाकर सर्वे कार्य का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए महापौर विकास शर्मा ने इस परियोजना को अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए कहा शिव कॉरिडोर केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि रुद्रपुर की नई पहचान और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। यह मेरा संकल्प है कि रुद्रपुर को एक ऐसा स्थल मिले जहां आकर लोग न केवल शांति का अनुभव करें, बल्कि हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति से भी जुड़ सकें। यह कॉरिडोर प्राचीन शिव मंदिर, गोल्ज्यू मंदिर और नीलकंठ धाम को एक सूत्र में पिरोकर सर्वसमाज की आस्था का संगम बनेगा। यहां बंगाली, कुमाऊंनी और समस्त समाज की संस्कृतियों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।

परियोजना के विस्तार पर चर्चा करते हुए महापौर ने बताया कि इस कॉरिडोर को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी विकसित किया जाएगा, ताकि लोग पवित्र वातावरण में मांगलिक कार्य संपन्न कर सकें। इसके साथ ही, पर्यटकों को ग्रामीण परिवेश का अनुभव देने के लिए यहाँ मड हाउस (मिट्टी के घर) तैयार किए जाएंगे और बाहरी श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए आधुनिक विश्राम गृह बनाए जाएंगे। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि नई पीढ़ी को अपने संस्कारों से जोड़ने के लिए यहाँ संस्कृति की पाठशाला भी शुरू की जाएगी, जहाँ सनातन मूल्यों का ज्ञान दिया जाएगा।

महापौर ने कहा कि शिव कॉरिडोर रूद्रपुर की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करेगा। यह परियोजना शहर की अर्थव्यवस्था को भी गति देगी, रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी और पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व और आशीर्वाद से रूद्रपुर आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। हम जल्द ही इस परियोजना का विस्तृत ड्राफ्ट तैयार कर लेंगे, जिसके पश्चात मुख्यमंत्री स्वयं रूद्रपुर आकर इसका शिलान्यास करेंगे।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, पार्षद प्रतिनिधि मानवेन्द्र सहित पर्यटन विभाग, कुमाऊं मंडल विकास निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर