न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर से देहरादून स्थानांतरित हुए पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जितेंद्र चौधरी को बुधवार को पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित एक समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने जितेंद्र चौधरी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और कार्यकुशलता के साथ किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था में सुधार, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा नशा मुक्ति अभियानों को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसएसपी ने कहा कि चौधरी ने जनसामान्य और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने नई तैनाती एवं आगामी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक जितेंद्र चौधरी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं जनपद पुलिस परिवार ने उनकी सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में एसपी सिटी रुद्रपुर, पुलिस उपाधीक्षक पंतनगर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


