“भाजपा नेता रमेश राय के हस्तक्षेप के बाद जल निगम ने शुरू कराया सड़क मरम्मत कार्य”
न्यूज प्रिन्ट,शक्तिफार्म। क्षेत्र के ग्राम सभा पिपलिया जयनगर में तीन वर्ष पूर्व पेयजल पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क आज तक बदहाल स्थिति में पड़ी हुई है। पाइपलाइन बिछाने के बावजूद गांव में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी, जबकि सड़क निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को (आज) आक्रोशित ग्रामीणों ने भाजपा नेता रमेश राय को मौके पर बुलाकर सड़क की जर्जर हालत दिखाई और विभागीय लापरवाही के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों ने बताया कि जल निगम द्वारा करीब तीन वर्ष पहले गांव में पेयजल पाइपलाइन डालने का कार्य किया गया था।
कार्य के दौरान सड़क को जगह-जगह खोद दिया गया, लेकिन पाइपलाइन डालने के बाद न तो सड़क को दुरुस्त कराया गया और न ही गांव में पानी की सप्लाई शुरू हो सकी। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और उखड़ी हुई सतह के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। समस्या का समाधान न होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने भाजपा नेता रमेश राय को मौके पर बुलाकर अपनी समस्या बताई। मौके पर पहुंचे भाजपा नेता रमेश राय ने सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए तत्काल जल निगम अधिकारियों से वार्ता की और समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
रमेश राय के हस्तक्षेप के बाद जल निगम के अवर अभियंता अभिषेक सिंह विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराया। इस दौरान भाजपा नेता रमेश राय ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों को तीन वर्षों तक टूटी सड़क और बंद पड़ी पेयजल योजना की समस्या झेलनी पड़ी, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए और पेयजल योजना को भी शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना उनकी जिम्मेदारी है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
रमेश राय ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण कार्य की लगातार निगरानी की जाएगी और जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक वह इस मामले को लेकर सक्रिय रहेंगे। वहीं जल निगम के अवर अभियंता अभिषेक सिंह ने बताया कि सड़क मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करा दिया गया है तथा जल्द ही इसे पूर्ण कर लिया जाएगा। साथ ही पेयजल योजना से जुड़े शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि अब वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।


