न्यूज प्रिन्ट,देहरादून। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार को जौलीग्रांट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने आज जौलीग्रांट स्थित एक होटल में कोर कमेटी की अहम बैठक बुलाई है। बैठक की अध्यक्षता जेपी नड्डा करेंगे, जिसमें चुनावी रणनीति, मुद्दों और संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा होगी। पार्टी बूथ स्तर तक की कार्ययोजना तय करेगी और यह भी निर्धारित किया जाएगा कि कार्यकर्ता जनता के बीच किस तरह पहुंचेंगे।
सूत्रों के अनुसार हाल ही में कराए गए सर्वे के आधार पर कमजोर और मजबूत सीटों की समीक्षा भी बैठक में की जाएगी। विधायकों की स्थिति और क्षेत्रवार चुनावी समीकरणों पर मंथन के साथ ही आगामी चुनाव के लिए रणनीतिक खाका तैयार किया जाएगा।प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही संकेत दे चुके हैं कि वर्तमान विधायक अपने-अपने क्षेत्र से ही चुनाव की तैयारी करेंगे और सीटों में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। भाजपा का लक्ष्य इस बार भी जीत की हैट्रिक लगाने का है, जिसके लिए संगठन ने चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है।


