न्यूज प्रिन्ट,देहरादून। शहर में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर संकट की स्थिति बन गई है। सप्लाई व्यवस्था में आई बाधा के कारण करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है। स्थिति को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है, जिससे होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की परेशानी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि गैस बुकिंग की अवधि बढ़ाकर 25 दिन किए जाने के बाद आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है। इसके साथ ही बुकिंग नंबर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को गैस बुक कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि फिलहाल कमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई केवल आवश्यक सेवाओं तक सीमित रखी जाए। इसके तहत अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को ही गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों। वहीं होटल, रेस्तरां और ढाबों को फिलहाल कमर्शियल सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। गैस एजेंसी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं और बैकलॉग खत्म होते ही सामान्य आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


