न्यूज प्रिन्ट रुद्रपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रुद्रपुर (66) सीट पर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य आंदोलनकारी अनिल चौहान ने अपनी दावेदारी मजबूत तरीके से पेश की है।

चौहान ने कहा कि वह लंबे समय से संगठन और जनसेवा से जुड़े रहे हैं तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने ग्राम भूरारानी के प्रधान रहते हुए क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास पर काम किया।
उन्होंने बताया कि भाजपा संगठन में भी उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं, जिसमें किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करना शामिल है। साथ ही सहकारिता चुनावों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
चौहान ने कहा कि वह कार्यकर्ताओं और जनता के समर्थन के आधार पर दावेदारी कर रहे हैं और यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और किसानों की समस्याओं के समाधान पर प्राथमिकता से काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के हर निर्णय का सम्मान करेंगे और आगे भी जनसेवा के लिए समर्पित रहेंगे।


