न्यूज प्रिन्ट पंतनगर। उत्तराखंड शासन में संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने जनपद भ्रमण के दौरान पंतनगर विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर वहां चल रही शोध एवं नवाचार गतिविधियों की जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने वैज्ञानिकों द्वारा विकसित नई तकनीकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उन्नत नस्ल की गायों का अवलोकन किया, जो प्रतिदिन 20 से 22 लीटर तक दूध देती हैं, और पशुपालन क्षेत्र में हो रहे अनुसंधानों को किसानों की आय बढ़ाने में उपयोगी बताया।
सचिव ने मधुमक्खी पालन केंद्र और मशरूम उत्पादन इकाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शहद उत्पादन को बढ़ावा देने और मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के शोध कार्यों को अधिक व्यावहारिक और जनोपयोगी बनाया जाए, ताकि किसानों और आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


