न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा आयोजित PCS-2024 परीक्षा में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली जसमीत कौर पाहवा का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सिख संगत एवं विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। समारोह में जसमीत कौर की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया गया। जसमीत कौर पाहवा ने PCS-2024 परीक्षा में राज्य में टॉप कर न केवल प्रदेश का नाम रोशन किया है, बल्कि पूर्व में वर्ष 2021 की PCS परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिला समाज कल्याण अधिकारी के पद पर भी चयन हासिल किया था।
वर्तमान चयन के साथ उनका SDM पद के लिए चयन सुनिश्चित हुआ है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जसमीत की सफलता मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उनकी उपलब्धि को युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। समारोह में गुरुनानक सिख समिति, सिख क्लब, खालसा ग्रुप, यूनाइटेड सिख ग्रुप, रामदास सेवा समिति एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर सरदार सुरमुख सिंह, गुरमीत सिंह, जसविंदर सिंह खरबंदा, हरी सिंह, प्रीतपाल सिंह, राजेन्द्र श्रीधर, सुरजीत सिंह ग्रोवर, हरमन सिंह ग्रोवर एवं चेतन चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि जसमीत कौर पाहवा की शैक्षणिक यात्रा—UCMAS में राज्य टॉप, कक्षा 10 में 10 CGPA, कक्षा 12 में 94.6 प्रतिशत अंक—उनकी निरंतर मेहनत और लगन को दर्शाती है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने जसमीत कौर पाहवा और उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


