पंतनगर। पंतनगर क्षेत्र की संजय कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी में अतिक्रमण संबंधी नोटिस चस्पा करने पहुंची प्रशासनिक टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई की सूचना मिलते ही किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से बातचीत की। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ कॉलोनियों में नोटिस चस्पा करने पहुंची थी। नोटिस लगाए जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध जताने लगे। लोगों का कहना था कि वे लंबे समय से इन क्षेत्रों में निवास कर रहे हैं और उनके पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था किए बिना इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है। मौके पर पहुंचे विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए किसी भी कार्रवाई से पहले उचित समाधान और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। विरोध और जनभावनाओं को देखते हुए प्रशासनिक टीम ने नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई स्थगित कर वहां से वापस लौटना उचित समझा। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना रहा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार संबंधित कार्रवाई सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
पंतनगर में बेदखली नोटिस का विरोध, विधायक बेहड़ के हस्तक्षेप के बाद लौटी टीम


