न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। आगामी 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एसएसपी ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल, पेपर लीक या अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। जनपद में परीक्षा के लिए 55 केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के मद्देनजर 55 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
बैठक में निर्देश दिए गए कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी समय से पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। अभ्यर्थियों की जांच और फ्रिस्किंग परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट के बाहर ही की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
परीक्षा केंद्रों के बाहर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी बॉडी वॉर्न कैमरों के माध्यम से निगरानी करेंगे। वहीं परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों और कक्षों की गहन जांच कर जैमर की कार्यक्षमता भी परखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। डिजिटल और एनालॉग दोनों प्रकार की घड़ियों पर भी प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए 14 जून को जनपद के सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। इसके अलावा पूर्व में भर्ती परीक्षाओं में धांधली, नकल या पेपर लीक मामलों में शामिल रहे संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर पुलिस और खुफिया तंत्र द्वारा विशेष निगरानी रखी जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई नकल माफिया, सॉल्वर गैंग या अन्य असामाजिक तत्व परीक्षा की पवित्रता भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।


