न्यूज प्रिन्ट,शक्तिफार्म। बैकुंठपुर प्रीमियर लीग अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें रुद्पुर जेलकैंप की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान बैकुंठपुर को पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मैच के उद्घाटन अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल एवं कथावाचक राम चन्द्र राय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रुद्पुर जेलकैंप की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 113 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैकुंठपुर की टीम ने भरपूर प्रयास किया, लेकिन 95 रन ही बना सकी और मुकाबला अपने हाथ से गंवा बैठी। रुद्पुर की जीत में पलाश का अहम योगदान रहा। उन्होंने मात्र 20 गेंदों में 45 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कवीर को मैन ऑफ द सीरीज के सम्मान से नवाजा गया। बैकुंठपुर टीम के मानव राय को बेस्ट बॉलर का खिताब मिला। उन्होंने चार मैचों में सर्वाधिक 13 विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेता रुद्पुर जेलकैंप टीम को ट्रॉफी के साथ 3100 रुपये तथा उपविजेता बैकुंठपुर टीम को ट्रॉफी के साथ 2100 रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर कथावाचक राम चन्द्र राय ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित मंडल ने कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और उन्हें शिक्षा व खेलों के माध्यम से अपने भविष्य को मजबूत बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में आयोजक समिति के सदस्यों सहित पूर्व ग्राम प्रधान बिरंची बाइन, आनंद राय, रामगोपाल सरकार, हरीचंद बिश्वास, बलाई साना, अभिषेक कुमार, सुप्रितम राय, जयदेव बिश्वास, विक्की मंडल, त्रिनाथ मंडल, हर्ष सिंह, राजा हालदार समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्कोरर की भूमिका संदीप राय ने निभाई, जबकि अंपायरिंग शिशिवानो एवं प्रभात ने की। मैच का सफल संचालन एवं उद्घोषणा राम चन्द्र राय द्वारा की गई।
रुद्पुर जेलकैंप ने जीती बैकुंठपुर प्रीमियर लीग अंडर-17 क्रिकेट ट्रॉफी


