41.5 C
Rudrapur
Monday, June 8, 2026

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण पर प्रशासन सख्त, समयबद्ध कार्य के निर्देश

अवश्य पढ़ें

न्यूज प्रिन्ट,रूद्रपुर, 08 जून 2026 (सू0वि0)। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को अपर जिलाधिकारी कार्यालय में नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की समीक्षा की गई।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और मतदाता सत्यापन कार्य प्राथमिकता के आधार पर करें। उन्होंने कहा कि कार्य की दैनिक प्रगति रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष एवं निर्वाचन कार्यालय को समय से उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को समावेशी, पारदर्शी और समन्वित तरीके से समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 29 मई से 07 जून 2026 तक प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। 08 जून से 07 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य करेंगे। 07 जुलाई तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाएगा। 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित होगा। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएंगी, जबकि 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान कोई दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या किसी कारणवश हट गया है, तो वह प्रारूप-6 के माध्यम से अपना नाम दर्ज करा सकता है।

उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने कार्यकर्ताओं और बीएलए के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक करें और बीएलओ को सहयोग प्रदान करें, ताकि कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जा सके।

बैठक में जिला कार्यालय के प्रभारी अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

अधिक समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताजा खबर