भक्तों के साथ झूमे, भाजपा नेता प्रमोद मित्तल एडवोकेट
न्यूज प्रिन्ट,रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा के बधईपूरा क्षेत्र में श्री खाटू श्याम जी महाराज के नवीन मंदिर की स्थापना के पावन अवसर पर मंदिर समिति द्वारा भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ विशाल निशान यात्रा के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हाथों में बाबा श्याम के निशान लेकर पूरे क्षेत्र में शोभायात्रा निकाली। यात्रा के दौरान “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” और “जय श्री श्याम” के जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया तथा जगह-जगह सेवा शिविरों के माध्यम से भक्तों की सेवा की गई।
निशान यात्रा के उपरांत मंदिर परिसर में भव्य भजन संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायकों द्वारा बाबा श्याम के मधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। देर रात तक चले संकीर्तन में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर बाबा श्याम के भजनों पर झूमते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर भाजपा नेता एवं अधिवक्ता प्रमोद मित्तल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मंदिर समिति द्वारा धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान तथा सक्रिय सहभागिता के लिए उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत भाजपा नेता एडवोकेट प्रमोद मित्तल ने मंदिर समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “श्री खाटू श्याम जी का यह भव्य मंदिर केवल श्रद्धा और आस्था का केंद्र ही नहीं होगा, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे, सेवा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का भी प्रेरणास्रोत बनेगा। बाबा श्याम की कृपा सभी भक्तों पर सदैव बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली से परिपूर्ण रहे। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति को सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज में एकता, सद्भाव और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। हम सभी का दायित्व है कि अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा नई पीढ़ी को अपने संस्कारों से जोड़ें।”
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं तथा सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश देते हैं। ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता मजबूत होती है और लोगों में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे एवं प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता एडवोकेट प्रमोद मित्तल क्षेत्र में आयोजित धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में निरंतर बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए समाज सेवा के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सचिन अग्रवाल, मोहन लाल अग्रवाल, विपिन गोस्वामी , प्रेम पाल, राजपाल सिंह, नितेश गुप्ता, अजय बंसल, श्रीमती राधा अग्रवाल, सी.ए. कुशल अग्रवाल, अमित शर्मा, हरि प्रकाश अग्रवाल सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


